
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत जनपद मऊ में विभिन्न थानों की एंटी रोमियो टीमों ने 24 जुलाई 2025 को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं के मध्य सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण तैयार करना और उन्हें सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान के प्रति जागरूक करना रहा।
जनपद के समस्त थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में जाकर महिलाओं व छात्राओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा अन्य आवश्यक नम्बर शामिल हैं। पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी आपात या असुविधाजनक स्थिति में महिलाएं इन नम्बरों पर बिना हिचकिचाहट के कॉल कर मदद ले सकती हैं।

इसके साथ ही छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति भी सचेत किया गया। उन्हें बताया गया कि सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या शंका जनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। टीमों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और निर्भीक बनने के लिए प्रेरित किया और कहा कि वे न केवल अपनी सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित कर सकती हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन सकती हैं।
एंटी रोमियो टीमों ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस हर वक्त महिलाओं की सुरक्षा हेतु तत्पर है और उन्हें भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अभियान से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और वे अधिक जागरूक और सजग हो रही हैं।
यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जो समाज में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाएगा।




