
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
मुहम्मदाबाद गोहना: पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के निर्देशन में मऊ जनपद के कोपागंज विद्युत खंड द्वारा आज एक संगठित और सघन अभियान चलाकर विद्युत चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। यह अभियान विद्युत खंड में पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता सेवा की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।
कोपागंज, मोहम्दाबाद कुर्तीज़फरपुर, रानीपुर, हलधरपुर सहित आधा दर्जन से अधिक क्षेत्रों में सुबह से ही विभागीय टीमें सक्रिय रहीं। अधिशाषी अभियंता महेश चंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 41 उपभोक्ताओं को विद्युत चोरी करते हुए पकड़ा गया, वहीं 4 उपभोक्ताओं के विरुद्ध बिना बिल जमा किए बिजली के उपभोग पर विधिक कार्रवाई की गई।
इस दौरान 40 बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेदित किए गए, जिन पर कुल ₹6.50 लाख से अधिक की धनराशि बकाया थी। वहीं तत्काल प्रभाव से ₹3.50 लाख की वसूली भी की गई, जो विभाग की तत्परता और सुदृढ़ प्रबंधन का प्रमाण है।
अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय टीमों को पहले से रणनीतिक रूप से प्रशिक्षित किया गया था, जिससे अभियान पूर्ण रूप से संयोजित एवं व्यवस्थित रहा। अभियान की सफलता से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और बिजली चोरी रोकने की दिशा में स्पष्ट प्रभाव देखा गया है।
प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार अब प्रत्येक फीडर पर ‘फीडर मैनेजर’ की नियुक्ति की गई है, जिन पर पूर्ण जवाबदेही तय की गई है। इससे न केवल बिलिंग और राजस्व वसूली में सुधार आएगा, बल्कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति भी सुनिश्चित हो सकेगी।
मीटर रीडिंग प्रणाली में सुधार लाते हुए अब रीडिंग के समय विभागीय कर्मचारी भी मीटर रीडर के साथ उपस्थित रहेंगे। इससे उपभोक्ताओं को समय पर और सटीक बिल प्राप्त होंगे। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज की गई है ताकि रीडिंग पूर्णतः डिजिटल और पारदर्शी हो सके।
अधिशाषी अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह अपने बिल समय से जमा करें एवं किसी भी प्रकार की विद्युत चोरी से बचें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ₹10,000 से अधिक बकायेदारों के विरुद्ध विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी एवं बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
कोपागंज विद्युत खंड द्वारा की गई यह कार्यवाही न केवल प्रशासनिक सक्रियता का उदाहरण है, बल्कि यह दर्शाता है कि विभाग उपभोक्ताओं के प्रति प्रतिबद्ध है और व्यवस्था को सुधारने हेतु निरंतर प्रयासरत है।




