
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय ब्लॉक के सौसरवां कमालुद्दीनपुर स्थित 81 वर्षों पुरानी रामलीला का मंचन बारिश के कारण रोक दिया गया था। इसकी वजह से तिथि अनुसार 04 अक्टूबर को लगने वाला मेला बाधित हो गया। बारिश रुकने के बाद रविवार को हुई बैठक में पुनः बाकी बची रामलीला संपन्न कराने पर सहमति बनी।
समिति के अध्यक्ष बृज बिहारी सिंह, महामंत्री अशोक पांडेय, सदस्य आशुतोष पांडेय व भूपेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि संसोधित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को लंका दहन की लीला खेली जाएगी। मंगलवार को अंगद रावण संवाद व लक्ष्मण शक्ति के अलावा भव्य एवं परंपरागत मेले का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को राम राज्याभिषेक एवं समय चक्र नामक नाटक का मंचन संपन्न होगा। बताया कि तय हुए कार्यक्रम को सभी लोगों में विस्तारित करने का उद्देश्य यह है कि रुके हुए मेले और लगने वाले मेले की जानकारी सबको हो जाए। ताकि अधिक से अधिक व्यापारी और क्षेत्रवासी मंगलवार को लगने वाले मेले में भाग ले सकें साथ ही सुप्रसिद्ध अंगद रावण सम्वाद व लक्ष्मण शक्ति की लीला का आनंद ले सकें।




