
संवाददाता रामकुमार सिंह
मिर्जापुर जिले के चुनार विद्युत वितरण खण्ड अंतर्गत पिरल्लीपुर पावरहाउस के परिसर में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के निर्देशानुसार तीन दिवसीय मेगा विद्युत कैम्प का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी के प्रबंध निदेशक श्री शम्भू कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर श्री कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से हो तथा अधिक से अधिक लोग इस कैम्प का लाभ उठाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक उपभोक्ता की शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका समाधान किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अधिशासी अभियंता श्री शुभम् मिश्रा ने बताया कि यह मेगा कैम्प उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के निर्देशन में आयोजित किया गया है। यह कैम्प तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें उपभोक्ता अपनी बिजली से जुड़ी समस्याएं जैसे बिल संबंधी, मीटर संबंधी या अन्य कोई तकनीकी परेशानी लेकर आ सकते हैं, और उन्हें मौके पर ही समाधान प्रदान किया जा रहा है।
कैम्प में कुल 319 बिजली संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 40 से अधिक का तत्काल निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाया जाएगा। इस अवसर पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित विद्युत विभाग के सभी प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अलग-अलग टेबल लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी गईं, जिससे उन्हें बेहतर सेवा अनुभव प्राप्त हुआ।
यह कैम्प उपभोक्ता सुविधा की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।




