
संवाददाता विरेन्द्र प्रताप सिंह
शहाबगंज, चंदौली:
मातृभूमि सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन इस शनिवार को भी शहाबगंज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा और पंडित मदन मोहन मालवीय जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
शिविर में लगभग 100 मरीजों की आँखों की जांच की गई, जिनमें से कई मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। इस सेवा कार्य की खास बात यह है कि यह बीते 15 वर्षों से निरंतर जारी है, और दूर-दराज़ के ग्रामीण इलाकों से भी लोग विश्वास के साथ इलाज के लिए यहां आते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कवि राजू विश्वकर्मा ने ट्रस्ट की निःस्वार्थ सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा, “यह केवल चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि मानव सेवा की मिसाल है। ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की सोच यही है कि यह सेवा कार्य अनवरत चलता रहे, चाहे वे रहें या न रहें।”
कोषाध्यक्ष सत्यानंद रस्तोगी ने कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल और केवल सेवा है। हम तन, मन और धन से जुटे हैं और यही हमारी असली पहचान है।”
शिविर में मौजूद आर के नेत्रालय के प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मनोज मिश्र ने मरीजों को आश्वस्त किया कि आँखों की सर्जरी अब सुरक्षित और आसान हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आधुनिक ‘फेको तकनीक’ से केवल 3–6 मिनट में लेंस प्रत्यारोपण किया जा सकता है और मरीज कुछ ही दिनों में सामान्य हो जाता है।
पत्रकार मोहम्मद तस्लीम ने कहा, “यह शिविर सेवा का प्रतीक है, जहाँ केवल आँखों का इलाज नहीं होता, बल्कि लोगों के मन में सेवा की भावना भी जागृत की जाती है।”
इस अवसर पर रामनरेश यादव, डॉ. मनीष श्रीवास्तव, विजयकांत मास्टर, कन्हैया लाल गुप्ता, लोकगायिका मीना, डॉ. पंडित राम बोला तिवारी, कन्हैया मास्टर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर का समापन सभी अतिथियों के सम्मान और भविष्य में और अधिक सेवा कार्यों के संकल्प के साथ किया गया।




