
ब्यूरो रिपोर्ट रविशंकर मिश्रा
चंदौली मुगलसराय अमोघपुर, 16 अगस्त: समाचार टाइम्स द्वारा अमोघपुर गांव में जलजमाव की गंभीर समस्या को उजागर करने के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों में हलचल तेज हो गई है। खबर के प्रसारित होते ही क्षेत्रीय भाजपा विधायक रमेश जायसवाल शनिवार को खुद अमोघपुर गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि किस तरह बारिश के दिनों में गांव की गलियां तालाब में तब्दील हो जाती हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
विधायक रमेश जायसवाल ने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल निकासी की व्यवस्था के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कराया जाएगा और कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने कहा, “समाचार टाइम्स ने सही समय पर जनता की समस्या को उठाया है। प्रशासन अब पूरी गंभीरता से इस पर कार्रवाई करेगा।”
ग्रामीणों ने समाचार टाइम्स का आभार जताते हुए कहा कि मीडिया की इस सक्रियता से उनकी वर्षों पुरानी समस्या पर अब जाकर सुनवाई हो रही है। यह उदाहरण साबित करता है कि जिम्मेदार पत्रकारिता आज भी बदलाव ला सकती है।




