
संवाददाता
विनोद कुमार यादव
देवदत्तपुर गांव में मचा हड़कंप, गंभीर हालत में रेफर – पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज की
चंदौली (नौगढ़)।
चकरघट्टा थाना क्षेत्र के देवदत्तपुर गांव में रविवार को पुरानी जमीनी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच तनाव खूनी वारदात में बदल गया। गांव के ही रहने वाले तेजबली और सनोज ने पड़ोसी के 11 वर्षीय मासूम पुत्र का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जानकारी के मुताबिक, सिवम (11 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आरोपित दोनों युवक पहुंचे और रंजिश के तहत उस पर हमला बोलते हुए उसका गला दबाने लगे। कुछ ही देर में सिवम बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर मौका पाकर वहां से फरार हो गए।
घटना को देख रहे सिवम के छोटे भाई ने तत्काल अपने पिता को सूचना दी। परिजन बच्चे को निजी साधन से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचे। यहां तैनात डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए संयुक्त जिला चिकित्सालय चंदौली रेफर कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि – बच्चे के गले में गहरी चोट है और वह अब भी बेहोशी की हालत में है। स्थिति नाजुक देखते हुए रेफर करना पड़ा।

घटना की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आ गई। थानाध्यक्ष चकरघट्टा ने बताया कि मामला पुरानी जमीनी रंजिश से जुड़ा है। आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि –
“पीड़ित पक्ष से अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।” गांव में फिलहाल तनाव का माहौल है और स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।




