
ब्यूरो रिपोर्ट रविशंकर मिश्रा
चंदौली जिले में चंद्रप्रभा डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे कई गांवों में पानी घुस गया है। बबुरी-चकिया संपर्क मार्ग पर लगभग 2 फीट तक पानी भर गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है।
बाढ़ की स्थिति गंभीर होते देख प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार रात लगभग 12 बजे सदर एसडीएम दिव्या ओझा खुद मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की निगरानी की।
एसडीएम दिव्या ओझा ने तत्काल राहत सामग्री, सूखा राशन और खाने के पैकेट वितरित करवाए। प्रशासन ने एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट कर दिया है और राहत शिविर भी स्थापित किए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन द्वारा नावों की व्यवस्था की गई है ताकि प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
गांवों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है, परंतु प्रशासनिक तत्परता से हालात काबू में हैं। एसडीएम की सक्रियता और रात में मौके पर मौजूदगी से लोगों में विश्वास बढ़ा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और बाढ़ से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।




