
व्यूरो रिपोर्ट रविशंकर मिश्रा
चंदौली। लगातार हो रही बारिश से जनपद के नियामताबाद ब्लॉक स्थित पचोखर तकीया गांव में चंद्रप्रभा नदी सहित कई अन्य नदियों के जलस्तर में तेज़ बढ़ोतरी के कारण ग्रामीण इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। गांव की गलियों, खेतों और घरों में पानी भर जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
इसी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे पूर्व विधायक और भाजपा नेता बब्बन सिंह चौहान ने गांव का दौरा किया और प्रभावित लोगों से मुलाकात की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि गांव में कई कच्चे मकान बेहद जर्जर अवस्था में हैं, जिनमें रहना अब खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए विभागीय लापरवाही को इसका जिम्मेदार ठहराया।

बब्बन सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं ग्रामीणों के लिए चलाई जा रही हैं, ताकि हर गरीब को पक्का मकान मिल सके। लेकिन आज भी इस गांव में इतने कच्चे मकानों का होना यह दर्शाता है कि या तो योजनाओं में गड़बड़ी हुई है या फिर सही से जांच नहीं की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और पात्र लोगों की सूची तैयार की जाएगी, ताकि उन्हें जल्द से जल्द लाभ मिल सके।

पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि सरकार लगातार काम कर रही है, लेकिन कई बार विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और राजनीति के कारण योजनाओं का लाभ सही लोगों तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांव में राहत और बचाव कार्यों को तेज किया जाए, साथ ही पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
गांव के लोगों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर पूर्व विधायक के सामने रखीं और उम्मीद जताई कि अब उनकी आवाज सरकार तक पहुंचेगी और उन्हें उनका हक मिलेगा।




