
ब्यूरो रिपोर्ट रविशंकर मिश्रा
चंदौली जनपद सहीत सोनभद्र मिर्जापुर पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर चंद्रप्रभा नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है और वह रौद्र रूप धारण कर चुकी है। नदी का पानी बबुरी थाना क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में घुस गया है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

गांवों में पानी घुसने से न केवल लोगों का घर-परिवार प्रभावित हुआ है, बल्कि सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। हजारों एकड़ धान की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई है। जिन खेतों में हरियाली लहरानी थी, वहां अब सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और आने वाले दिनों में उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में नावों और राहत टीमों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। कुछ जगहों पर अस्थायी शरणस्थल भी बनाए गए हैं।

हालांकि अभी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आई है। ग्रामीणों को प्रशासन से और अधिक सहायता की उम्मीद है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।




