
संवाददाता विनोद यादव
नौगढ़/चंदौली:
तहसील नौगढ़ क्षेत्र के टिकुरिया गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही ने आखिरकार एक व्यक्ति की जान ले ली। प्राथमिक विद्यालय टिकुरिया के पास टूटा हुआ हाईटेंशन तार जमीन पर गिरा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से गांव के निवासी संजय (46 वर्ष), पुत्र केदारनाथ की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि संजय खेत से अपने घर लौट रहे थे, तभी विद्यालय के पास टूटकर नीचे गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग सहम गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस जानलेवा खतरे की लिखित सूचना पहले ही ग्राम प्रधान और प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर द्वारा सब स्टेशन चकरघट्टा को दी जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी, विशेषकर जेई राजेश कुमार, ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और न ही तार को समय रहते दुरुस्त कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते टूटे हुए हाईटेंशन तार को हटाया या ठीक किया गया होता, तो आज संजय की जान नहीं जाती। यह मौत सीधे-सीधे विभागीय लापरवाही का परिणाम है।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। परिजन और ग्रामीण दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह केवल हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही से हुई मौत है, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस मौत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करेगा, या फिर इसे भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से दोषी जेई राजेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए तथा क्षेत्र में जर्जर और टूटे बिजली तारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।




