
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
मऊ। पुलिस अधीक्षक जनपद मऊ इलामारन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध व अवैध शराब तस्करी विरोधी अभियान के तहत दिनांक 28 जुलाई 2025 को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्रि के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में स्वाट, एसओजी, सर्विलांस व थाना कोपागंज की संयुक्त टीम ने तीन अन्तर्राज्यीय शातिर शराब तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की।

मुखबिर की सूचना पर टीम ने काछीकला ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोका, जिसमें से बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों में रंजन कुमार (निवासी छपरा), चन्दन कुमार व वरुण कुमार (निवासी आरा, बिहार) शामिल हैं। इनसे पूछताछ में पता चला कि वे पकड़े जाने से बचने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट बदलते थे और यूपी से बिहार शराब तस्करी करते थे। वहां उन्हें शराब के बदले अधिक कीमत मिलती थी और कमाई को आपस में बांट लेते थे।
बरामद माल में 96 बोतल रॉयल स्टेज (72 लीटर), 432 पाउच 8PM (77 लीटर), 1152 पाउच ऑफिसर च्वाइस (207 लीटर), 3240 कैन किंगफिशर बीयर (1620 लीटर), 792 कैन हाईवर्ड बीयर (396 लीटर) शामिल है। कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹8.50 लाख आंकी गई है। एक ट्रक भी सीज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कोपागंज में मु.अ.सं. 227/25 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस व 60(ए) आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक रविन्द्रनाथ राय, स्वाट प्रभारी प्रमोद सिंह, एसओजी प्रभारी मनोज सिंह, निरीक्षक अनिकेत सिंह सहित कुल 20 सदस्यीय पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।




