
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
मुहम्मदाबाद गोहना। सोमवार शाम करीब 7 बजे बाईपास और रोडवेज के बीच बड़ा हादसा हो गया। मऊ से आज़मगढ़ की ओर जा रहा ट्रक सामने आई स्कॉर्पियो को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गया। हादसे में सड़क किनारे मौजूद चार साल की बच्ची इसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसे वाली जगह से 700 मीटर आगे अतिक्रमण

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा जिस स्थान पर हुआ, वहाँ से लगभग 700 मीटर आगे स्टेशन और ब्लॉक के पास सड़क किनारे अतिक्रमण फैला हुआ है। यह अतिक्रमण न केवल आए दिन जाम की स्थिति पैदा करता है, बल्कि बड़ा हादसा होने की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
बड़ा हादसा टला
लोगों का कहना है कि अगर यह दुर्घटना स्टेशन और ब्लॉक के पास वाले हिस्से में होती तो मासूम बच्ची की जगह दर्जनों लोगों की जान जा सकती थी। रोज़ाना शाम के समय यहां भारी भीड़ रहती है और सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाती है।
अतिक्रमण हटाने की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और नगर पंचायत से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक यह अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक इस तरह की घटनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता।




