
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
मऊ:सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अबुबकर खान ने उत्तर प्रदेश सरकार से खैरबाद पुलिस चौकी के भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की है।
श्री खान ने एक पत्र में कहा कि थाना मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खैरबाद में स्थित पुलिस चौकी इस समय एक सरकारी विद्यालय भवन में अस्थायी रूप से संचालित हो रही है। इस व्यवस्था से न केवल विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ रहा है, बल्कि पुलिस विभाग की कार्यक्षमता भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा खैरबाद रोड पर, धरारा मंदिर के पास पुलिस चौकी के निर्माण के लिए भूमि का विधिवत आवंटन कर दिया गया है, जो कि पुलिस चौकी के लिए एक उपयुक्त स्थान है। इसके बावजूद, अब तक भवन निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत नहीं की गई है, जिसके कारण निर्माण कार्य में कोई प्रगति नहीं हो पाई है।
अबुबकर खान ने इस मामले में माननीय मंत्री श्री ए. के. शर्मा से निवेदन करते हुए कहा कि इस क्षेत्र की बड़ी जनसंख्या को पुलिस सहायता के लिए एक स्थायी और आधुनिक पुलिस चौकी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र धनराशि स्वीकृत होती है तो पुलिस चौकी का निर्माण जल्द ही शुरू किया जा सकता है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुरक्षा और पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी।




