
संवाददाता रामकुमार सिंह
मीरजापुर, सोमवार: भारतीय किसान यूनियन की जनपद मीरजापुर की मासिक पंचायत ग्राम कोलना स्थित मां भगवती देवी के प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रीकांता सिंह ने की जबकि संचालन मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने किया। पंचायत में किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई और विभिन्न मांगें उठाई गईं।
पंचायत में प्रमुख रूप से बाढ़ से प्रभावित किसानों की क्षतिपूर्ति हेतु फसल बीमा दिलाने की मांग की गई। जिनके मकान गिर गए हैं, उनके लिए पक्के मकान का निर्माण कराने की अपील की गई। बाढ़ का पानी घटने से संक्रमण फैलने की आशंका के मद्देनजर दवाओं का छिड़काव कराने की मांग भी रखी गई। विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों की मरम्मत और बिजली आपूर्ति बहाल करने की आवश्यकता बताई गई।
सड़क मरम्मत, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था और सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक व यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। किसानों की सिंचाई के लिए निर्बाध रूप से 20 घंटे बिजली दिए जाने की भी पुरजोर मांग की गई।
साथ ही यह घोषणा की गई कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आगामी 13 अगस्त को जनपद की सभी तहसीलों में ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। किसानों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस यात्रा को सफल बनाएं।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, जिला अध्यक्ष कंचन सिंह फौजी, रमाकांत सिंह मास्टर साहब, जिला कोषाध्यक्ष स्वामी दयाल सिंह, संगठन मंत्री घूरे प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी व किसानगण उपस्थित रहे।




