
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
मऊ, हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भाजपा जनपद मऊ द्वारा वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य के नेतृत्व में ख़्वाजा जहाँपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थापित शहीद सुदामा राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा स्थल की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा उसके उपरांत श्रद्धा भाव से शहीद को नमन किया। जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि शहीद सुदामा राजभर जैसे वीर सपूतों की कुर्बानी के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार व भारतीय जनता पार्टी का यह संकल्प है कि ऐसे बलिदानियों का सम्मान हर स्तर पर किया जाए।
जिलाध्यक्ष द्वारा शहीद के पुत्र श्री राहुल राजभर को फूलमाला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि देश हमेशा उन वीरों का ऋणी रहेगा जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कांत राय, सचिंद्र सिंह, राघवेंद्र राय, शर्मा धर्मेंद्र राय, बृजेश गुप्ता, आकाश मल्ल, चंदूलाल पटवा आदि उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।




