
संवाददाता
विनोद कुमार यादव
नौगढ़ (चंदौली)। तहसील नौगढ़ स्थित महाविद्यालय का मुख्य मार्ग भारी बारिश के चलते पानी के तेज बहाव में बह जाने से क्षतिग्रस्त हो गया है। सोमवार से छात्र-छात्राओं को कक्षाओं में पहुंचना था, लेकिन बारिश के चलते सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने से कॉलेज पहुंचना असंभव हो गया।

सुबह से ही भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ किताबें और बैग लेकर पढ़ाई के लिए निकले, लेकिन महाविद्यालय के मेन गेट तक पहुँचने से पहले ही उन्हें पानी से कटे रास्ते ने रोक दिया। पानी के तेज धारा से सड़क बहने के कारण छात्रों को वापस लौटना पड़ा। कुछ छात्र जोखिम उठाकर ध्वस्त मार्ग में उतरने की कोशिश भी करते दिखे, मगर स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक दिया।
महाविद्यालय प्रशासन ने इस स्थिति पर चिंता जताई है। प्राचार्य का कहना है कि “बारिश के चलते सड़क बह जाने से कॉलेज का संचालन प्रभावित हो रहा है। हमने तत्काल जिला प्रशासन से मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है।”
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या हर साल बारिश में आती है, लेकिन इस बार पानी के तेज बहाव ने सड़क को पूरी तरह बहा दिया है। अब छात्रों को मजबूरी में पढ़ाई से वंचित होना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि नौगढ़ महाविद्यालय क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान है, जहाँ सैकड़ों छात्र-छात्राएँ रोजाना पढ़ने जाते हैं। मुख्य मार्ग बाधित होने से शिक्षा व्यवस्था ठप पड़ गई है।




