
संवाददाता विरेन्द्र प्रताप सिंह
देश में लगातार बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में चंदौली जनपद के मुगलसराय विधानसभा (380) में युवा कांग्रेस की नई टीम का गठन किया गया है। इस संगठन में शैलेश सिंह यादव को युवा कांग्रेस का विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि अशोक कुमार को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अध्यक्ष बनने के पश्चात शैलेश सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र और राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकार गरीबों, किसानों और बेरोजगारों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता बहुत जल्द इसका जवाब देगी और कांग्रेस पार्टी एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

इस नवगठित टीम में उपाध्यक्ष के रूप में प्रवीण मिश्रा, अवधेश बियार और अजय यादव को शामिल किया गया है। इसके साथ ही दीपक तथा सेवा लाल को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। युवा कांग्रेस की यह टीम आने वाले समय में जिले में कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा देने का कार्य करेगी।




