
संवाददाता विनोद यादव
नौगढ़/चंदौली।
चकिया–नौगढ़ मार्ग पर बुध्दवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमृतपुर निवासी चन्द्रभान पुत्र रामनाथ (35 वर्ष) दोपहर नौगढ़ बाजार से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह चकिया–नौगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित सेमरा पुल के पास पहुंचे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे पहले कि वह बाइक पर नियंत्रण कर पाते, तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को संभाला तथा एंबुलेंस और निजी वाहन की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे तत्काल ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां युवक की हालत को लेकर परिवार में चिंता और कोहराम का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चकिया–नौगढ़ मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। सड़क के किनारे लगे बिजली के खंभे, तेज रफ्तार वाहन तथा कई स्थानों पर खराब सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने, चेतावनी संकेत लगाने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




