
व्यूरो रिपोर्ट रविशंकर मिश्रा
सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने लखनऊ में प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही जी से मुलाकात की। इस दौरान चंदौली जिले और सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र की कृषि समस्याओं एवं किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
विधायक ने मंत्री को क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नहरों की टेल तक पानी नहीं पहुंचने से धान और गेहूं की फसल प्रभावित होती है जिससे किसानों को सिंचाई में दिक्कत होती है। सुशील सिंह ने नहरों की सफाई, नलकूपों की मरम्मत और नए नलकूप लगाने की मांग रखी।
खाद-बीज की समय पर उपलब्धता भी बड़ा मुद्दा रहा। यूरिया, डीएपी की किल्लत से किसानों को परेशानी होती है। विधायक ने वितरण व्यवस्था दुरुस्त कर कालाबाजारी रोकने का आग्रह किया। फसल बीमा का भुगतान समय से न होना, छुट्टा पशुओं से फसल नुकसान और कृषि यंत्रों पर अनुदान प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी बात हुई।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार किसान हित में लगातार काम कर रही है। अधिकारियों को नहरों में पानी, खाद-बीज आपूर्ति और नलकूप ठीक कराने के निर्देश दिए जाएंगे।
विधायक सुशील सिंह ने कहा कि वार्ता सकारात्मक रही। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही किसानों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की कृषि व्यवस्था और मजबूत होगी।




