
वसीम खान मऊ रिपोर्टर
मऊ। अखिल भारत हिन्दू महासभा के ज़िलाध्यक्ष मनोज यादव महाराज के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने आज़मगढ़ से गाज़ीपुर तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर प्रशासनिक भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत, नगरपालिका, ग्राम पंचायतों, प्रधानों, लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों के स्तर पर फैले भ्रष्टाचार का नेटवर्क आम जनता के विकास कार्यों में सबसे बड़ी बाधा बन गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सभा में नगर पंचायतों में आवास योजना के नाम पर हो रही लूट, फर्जीवाड़ा और जनहित के कार्यों में लापरवाही जैसे मुद्दों पर भी गहन चर्चा हुई। संगठन के सदस्यों ने कहा कि जनता को उसके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है और प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता की भारी कमी है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना से अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता, उपाध्यक्ष आरज़ू चौहान, नगर मंत्री रामबदन चौहान, जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष चंदमा कुमार, 355 विधानसभा अध्यक्ष शंकर सिंघानिया, जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव, जिला महामंत्री मनोज गुप्ता, जिला मंत्री रमेश प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी शामिल हुए।
इस मौके पर जिला संगठन मंत्री संतोष कश्यप, जिला गौ रक्षा प्रकोष्ठ अध्यक्ष गोलू प्रताप सोनकर, जिला मंत्री रवि कश्यप, कार्यकारिणी सदस्य शिखान्त वर्मा, जगदीश मुसी और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारत हिन्दू महासभा का उद्देश्य भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, पारदर्शी शासन और जनहित में नीतिगत सुधार लाना है। संगठन ने यह संकल्प लिया कि जब तक जनता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।




