
व्यूरो रिपोर्ट रविशंकर मिश्रा
कैबिनेट में मिली मंजूरी
चंदौली जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल के अथक प्रयासों के बाद पीडीडीयू नगर में 35 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक अंतर्राज्यीय बस स्टैंड बनाने के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है।

विधायक रमेश जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से जिले में एक हाईटेक बस स्टैंड की मांग उठ रही थी। चंदौली बिहार और झारखंड की सीमा से सटा जिला है, लेकिन यहां से दूसरे राज्यों के लिए बस पकड़ने को लोगों को वाराणसी या सासाराम जाना पड़ता था। अब इस समस्या का स्थायी समाधान हो गया है।

नए बस स्टैंड में यात्रियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। वातानुकूलित प्रतीक्षालय, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, साफ शौचालय, कैंटीन, पार्किंग और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यहां से उत्तर प्रदेश के सभी बड़े शहरों के साथ-साथ बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए सीधी बस सेवा शुरू होगी।
विधायक रमेश जायसवाल ने कहा, “यह चंदौली के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अब चंदौली वासियों को बस पकड़ने के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। रोजगार के साथ-साथ व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। जिले की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।”
उन्होंने बताया कि कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और अगले महीने शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। लक्ष्य है कि डेढ़ साल के अंदर बस स्टैंड बनकर तैयार हो जाए।
विधायक के इस प्रयास से पूरे जिले में खुशी की लहर है। व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने विधायक रमेश जायसवाल का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि बस स्टैंड बनने से न सिर्फ आवागमन आसान होगा बल्कि जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलेगी।




