
व्यूरो रिपोर्ट रविशंकर मिश्रा
चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के बहेरी गांव में अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के बाद राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ गया। वर्तमान विधायक सुशील सिंह और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने तक पहुंच गया।
क्या है पूरा मामला
ग्राम बहेरी निवासी नागेंद्र कुमार भारती ने थाना धीना में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। नागेंद्र का आरोप है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मंच से वर्तमान विधायक सुशील सिंह की आलोचना की। इस पर नागेंद्र ने जवाब दिया तो विवाद शुरू हो गया।

फोन पर दी जान से मारने की धमकी
नागेंद्र कुमार भारती का आरोप है कि कार्यक्रम के बाद सिलौटा गांव निवासी अमित उपाध्याय ने उन्हें फोन किया। फोन पर अमित ने गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी नागेंद्र के पास मौजूद है, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है।
एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
धीना पुलिस ने तहरीर और ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अमित उपाध्याय के खिलाफ एससी/एसटी अधिनियम के साथ-साथ जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि आवाज की पुष्टि हो सके। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद बहेरी और सिलौटा गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों गांवों में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। आगामी चुनाव से पहले इस विवाद ने सैयदराजा की सियासत को और गरमा दिया है। दोनों पक्षों के समर्थकों में जुबानी जंग तेज हो गई है।




